उत्तर प्रदेश सरकार के संचारी रोग नियंत्रण अभियान को लेकर जिलाधिकारी व अधिकारी गंभीर

खबर वाणी संवाददाता
ग़ाज़ियाबाद। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मिथिलेश कुमार के द्वारा सरकार के इस कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से नगर निगम के सभागार में सभासदों के साथ कार्यशाला का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश भर में संचारी रोग नियंत्रण करने के उद्देश्य से आगामी 1 जुलाई से 31 जुलाई तक संचारी रोग नियंत्रण के उद्देश्य से विशेष अभियान संचालित किया जाएगा। जनपद गाजियाबाद में इस कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में जनपद के अधिकारी गण अपने अपने स्तर पर विशेष प्रयास सुनिश्चित कर रहे हैं।
जनपद के नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मिथिलेश कुमार के द्वारा नगर निगम के सभागार में सभासदों के साथ सरकार के इस महत्वाकांक्षी कार्यक्रम को जनपद में सफल बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। आयोजित कार्यशाला में डॉक्टर मिथिलेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि वेक्टर जनित बीमारियों की रोकथाम के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार के द्वारा यह महत्वाकांक्षी कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है।
उन्होंने सभी सभासदों का आह्वान करते हुए कहा कि नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के द्वारा 1 जुलाई से 31 जुलाई तक विशेष स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसके अंतर्गत नगर एवं मौहल्ले में विशेष सफाई अभियान संचालित करते हुए कोरोना को दृष्टिगत रखते हुए बृहद स्तर पर सैनिटाइजेशन एवं वेक्टर जनित बीमारियों की रोकथाम के उद्देश्य से फागिंग का अभियान संचालित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सभी सभासद सरकार की मंशा के अनुरूप इस कार्यक्रम को अपने अपने क्षेत्र में सफल बनाने की कार्यवाही सुनिश्चित करें ताकि माननीय मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप सरकार के इस महत्वाकांक्षी कार्यक्रम का आम नागरिकों को लाभ प्राप्त हो सके और सभी जनपद वासी वेक्टर जनित बीमारियों से सुरक्षित बन सके। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त आरएन पांडे, कोविड-19 के नोडल डॉक्टर आरके गुप्ता एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति तथा सभासद उपस्थित रहे।