Breaking Newsउत्तरप्रदेशदिल्ली NCRदेश विदेश

भाजपा भगाओ, महंगाई हटाओ, के नारे के साथ 18 दिसंबर को कांग्रेस अमेठी में निकलेगी प्रतिज्ञा पदयात्रा

खबर वाणी ब्यूरो

लखनऊ। केंद्र और यूपी सरकार की जनविरोधी नीतियों के ख़िलाफ़ कांग्रेस का जन अभियान लागातार जारी है। इसके तहत ‘‘भाजपा भगाओ, महंगाई हटाओ’’ नारे के साथ 18 दिसंबर को अमेठी में ‘‘प्रतिज्ञा पदयात्रा’’ निकाली जाएगी। जिसमें कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष श्री राहुल गांधी और राष्ट्रीय महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी शामिल होंगी। वहीं 19 दिसंबर को रायबरेली में ‘‘शक्ति संवाद’’ होगा, जहां श्रीमती प्रियंका गांधी महिलाओं के साथ कांग्रेस के महिला घोषणपात्र पर बातचीत करेंगी। इसके अलावा 19 दिसंबर को ही प्रतापगढ़ में किसान रैली, मेरठ में मैराथन दौड़ और शहजहाँपुर में अशफ़ाक़उल्लाह ख़ाँ के शहादत दिवस पर विशेष आयोजन होगा।

यह जानकारी देते हुए यूपी कांग्रेस के मीडिया एवं कम्युनिकेशन विभाग के वाइस चेयरमैन डॉ.पंकज श्रीवास्तव ने कहा कि केंद्र की मोदी और यूपी की योगी सरकार की जनविरोधी नीतियों की वजह से जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। खासतौर पर महंगाई ने आम आदमी का जीना दूभर कर दिया है। कांग्रेस महंगाई के ख़िलाफ़ पूरे देश में आंदोलन कर रही है।

इसी के खिलाफ़ 18 दिसंबर को अमेठी में श्प्रतिज्ञा पदयात्राश् निकाली जाएगी जिसमें कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और यूपी की प्रभारी महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी वाद्रा शामिल होंगी। ‘‘भाजपा भगाओ, महंगाई हटाओ’’ नारे के तहत होने जा रही ये यात्रा दिन में 10 बजे जगदीशपुर से शुरू होकर हरीमऊ तक जाएगी। यात्रा के समापन पर एक विशाल जनसभा होगी जिसे श्री राहुल गांधी, श्रीमती प्रियंका गांधी के अलावा पार्टी के कई बड़े नेता भी संबोधित करेंगे।

डॉ.पंकज श्रीवास्तव ने कहा कि बीजेपी के कुशासन के खिलाफ कांग्रेस जन लगातार सड़क पर उतर कर संघर्ष कर रहे हैं। आगामी विधानसभा चुनाव धर्म-और जाति की जगह जनता के मुद्दों पर लड़ा जाए, कांग्रेस पार्टी इसकी पूरी कोशिश कर रही है। कांग्रेस महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी ने महिलाओं को 40 फ़ीसदी टिकट देने का ऐलान करके और महिलाओं के लिए अलग से घोषणापत्र जारी करके ऐतिहासिक पहल की है जो सूबे की राजनीति का रंग बदल देगी।

इसी को गति देते हुए 19 दिसंबर को रायबरेली में ‘‘शक्ति संवाद’’ का आयोजन किया गया है। रायबरेली की ज़िला अस्पताल के निकट रिफॉर्म क्लब मैदान में दिन के 11 बजे ये ‘‘शक्ति संवाद’’ शुरू होगा जिसमें 5 हज़ार महिलाओं की भागीदारी होगी। श्रीमती प्रियंका गांधी महिलाओं के साथ कांग्रेस के महिला घोषणापत्र के तमाम बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा करेंगी।

कांग्रेस मीडिया विभाग के वाइस चेयरमैन डॉ.पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश के हर कोने में जनता को जागरूक करने में जुटी है। 19 दिसंबर को ही प्रतापगढ़ में ‘‘किसान रैली’’ होगी जिसे गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष श्री हार्दिक पटेल संबोधित करेंगे। इसके अलावा ‘‘मेरठ में लड़की हूं लड़ सकती हूं’’ अभियान के तहत मैराथन दौड़ का भी आयोजन किया गया है जो कैलाश प्रकाश स्टेडियम से शुरू होगी। 5 कि.मी की इस दौड़ में ओलंपिक में भारत को पदक दिलाने वाले मशहूर मुक्केबा़ज़ विजेंद्र सिंह, फेमिना मिस इंडिया-2021 रह चुकीं मान्या सिंह और दक्षिण भारतीय फ़िल्मों की सुप्रसिद्ध अभिनेत्री अर्चना गौतम भाग लेंगी।

साथ ही आज़ादी के 75वें वर्ष पर आयोजित हो रहे कांग्रेस के समारोहों की शृंखला में शहजहांपुर में एक विशेष कार्यक्रम होगा। 19 दिसंबर यानी महान क्रांतिकारी अशफ़ाकुल्लाह खां के शहादत दिवस पर आयोजित होने जा रहा ये कार्यक्रम ‘क्या हमारे दिल में है’ शीर्षक के तहत होगा। स्वतंत्रता संघर्ष की बलिदानी विरासत पर चर्चा के लिए आयोजित होने जा रहे इस कार्यक्रम को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम और क्रांतिकारियों तथा क्रांतिकारी आंदोलन पर तमाम पुस्तकें लिखने वाले प्रसिद्ध लेखक श्री सुधीर विद्यार्थी संबोधित करेंगे।

डा.श्रीवास्तव ने कहा कि कांग्रेस अकेली विपक्षी दल है जो लगातार बीजेपी से राजनैतिक और वैचारिक मोर्चा ले रहा है। प्रियंका गांधी के यूपी प्रभारी बनने के बाद कांग्रेस एक नई रफ्तार और ऊर्जा के साथ ज़मीनी स्तर पर संघर्ष में जुटी है। प्रियंका गांधी के नेतृत्व को लेकर जैसा आकर्षण प्रदेश की जनता में देखा जा रहा है, उसे देखते हुए यक़ीन से कहा जा सकता है कि 2022 का विधानसभा चुनाव निर्णायक होगा और यूपी सपा, बसपा और भाजपा के 32 सालों से जारी कुशासन के अंधेरे से बाहर आयेगा।

Tags

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button