Breaking Newsउत्तरप्रदेशमेरठ

ट्रैक्टर पर बैठकर किसान महापंचायत में पहुंचीं प्रियंका गांधी

खबर वाणी संवाददाता

मेरठ। केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ आज मेरठ में कांग्रेस पार्टी की किसान महापंचायत में भाग लेने पहुंचीं प्रियंका गांधी. मेरठ में इससे पहले आम आदमी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल भी महापंचायतों का कर चुकी है आयोजन, कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे देशभर के किसानों के समर्थन में यूपी में लगातार महापंचायतों का आयोजन हो रहा है. इसी क्रम में आज पश्चिमी यूपी के मेरठ में कांग्रेस पार्टी की किसान महापंचायत हो रही है।

इसमें पार्टी की यूपी प्रभारी और वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी भी पहुंची हैं. प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रियंका गांधी ट्रैक्टर पर बैठकर किसानों के बीच पहुंचीं. इस दौरान किसानों के समर्थन और कांग्रेस पार्टी के पक्ष में जोरदार नारेबाजी की गई. प्रियंका गांधी के साथ यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू भी किसान महापंचायत में शिरकत करने पहुंचे हैं।

मेरठ में किसान महापंचायत का आयोजन बड़े पैमाने पर करने के लिए कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता पिछले कुछ दिनों से जोर-शोर से तैयारियां कर रहे थे. गौरतलब है कि लगभग एक हफ्ते पहले ही आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने भी यहां पर किसान महापंचायत की थी. इसके बाद अब कांग्रेस पार्टी प्रियंका गांधी की अगुवाई में महापंचायत का आयोजन कर रही है।

मेरठ किसान महापंचायत में आने से पहले आज प्रियंका गांधी वाड्रा का स्वागत किया गया. कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शहर के अलग-अलग स्थानों पर अपनी नेता का स्वागत किया. इस क्रम में प्रियंका गांधी को पार्टी की एक महिला कार्यकर्ता ने भगवद्गीता भी भेंट की. मेरठ जाते समय रास्ते में भी कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश प्रभारी की आगवानी की.
गौरतलब है कि यूपी में अगले साल विधानसभा के चुनाव होने हैं।

इससे पहले देशभर के किसान पिछले 3 महीने से ज्यादा समय से केंद्र सरकार के कृषि कानून के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं. इसके मद्देनजर प्रदेश में सियासत चरम पर है. खासकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में कांग्रेस, सपा, रालोद और बीजेपी समेत कई पार्टियां जोर-शोर से जुटी हुई हैं।

Tags

Related Articles

Back to top button