बिना अनुमति के होर्डिंग लगते देख बिफरीं महापौर,ज़ुर्माने के दिए आदेश
खबर वाणी संवादाता :- शमशाद रज़ा अंसारी
ग़ाज़ियाबाद- यदि आप बिना अनुमति के खम्बों पर होर्डिंग लगा रहे हैं तो सावधान हो जाइए। होर्डिंग लगाने पर जुर्माना भी देना पड़ सकता है। महापौर आशा शर्मा ने कविनगर में वेव सिटी के होर्डिंग लगाने वालों के होर्डिंग ज़ब्त करवा कर अधिकारियों को ज़ुर्माने के आदेश दिए हैं।
सोमवार दोपहर को महापौर आशा शर्मा कविनगर बी ब्लॉक से गुज़र रही थीं। तभी उनकी नज़र नगर निगम की अनुमति के बिना होर्डिंग लगाते हुये व्यक्तियों और होर्डिंग से भरी जाती हुई गाड़ी पर पड़ी।
महापौर ने गाड़ी रोक कर जाँच की तो उसमें लगभग 70 होर्डिंग थे। महापौर ने उनसे नगर निगम की अनुमति मांगी तो उन पर कोई अनुमति नही मिली।महापौर ने उनसे होर्डिंग के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि 100 होर्डिंग लगाने थे जिनमें से लगभग 30 हम लगा चुके हैं। होर्डिंग वेव सिटी गाजियाबाद के नाम से थे जिन पर फ्लैट बिकने का प्रचार किया जा रहा था। होर्डिंग के मालिकों से फ़ोन पर बात की तो वह भी कोई सन्तोषजनक उत्तर नही दे सके। किसी भी तरह का सन्तोषजनक उत्तर न मिलने पर महापौर ने नगर निगम अधिकारियों को सूचित करते हुए गाड़ी एवं समान ज़ब्त करवाया। साथ ही महापौर ने अधिकारियों को होर्डिंग के मालिक पर जुर्माना तथा सख़्त कार्यवाई करने का निर्देश दिया। इसके अलावा महापौर ने लगे हुये होर्डिंग को भी उतारने का आदेश दिया।