गाजियाबाद

कपड़े सुखाते समय दूसरी मंजिल से गिरकर 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत

खबर वाणी संवाददाता

गाजियाबाद। लिंक रोड थाना क्षेत्र के सूर्य नगर पुलिस चौकी इलाके के पास बने देविका टाॅवर की दूसरी मंजिल पर कपड़े सुखाने गए व्यक्ति की अचानक रविवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में गिरकर मौत हो गई। युवक को सड़क पर खून से लथपथ गिरता देख इलाके में हड़कंप मच गया स्थानीय लोगों ने युवक के गिरने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा। इस मामले में परिवार वालों ने पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी है।

जानकारी के अनुसार सूर्य नगर इलाके में रह रहा था मृतक मूल रूप से अलीगढ़ का रहने वाला बताया जा रहा है। मृतक सुशील कुमार वार्ष्णेय (45) सूर्य नगर के देविका टाॅवर के बेसमेंट में रहते थे। वह टाॅवर की देखरेख करने के साथ इलेक्ट्रिशियन का भी काम करते थे। रविवार सुबह करीब 10 बजे सुशील टाॅवर की दूसरी मंजिल की छत पर कपड़े सुखाने के लिए गए थे। इस दौरान वह अचानक नीचे गिर गए। सिर में गंभीर चोटें आने के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई। आसपास के लोगों ने हादसे के बाद पुलिस को इसकी जानकारी दी। मौंके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसके बाद पुलिस ने सुशील के परिवार वालों को सूचना दी। परिवार वालों ने बताया सुशील ने शादी नहीं की थी। वह अकेले ही देविका टॉवर में रहते थे।

लिंक रोड थानाध्यक्ष देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि लोगों व परिवार वालों से पूछताछ में पता चला है कि सुशील को मिर्गी का दौरा आता था। दौरा आने के दौरान वह गिर जाते थे। ऐसे में आशंका है कि मिर्गी के चलते ही सुशील छत से नीचे गिरे होंगे। हालांकि , परिवार वालों की ओर से मामले में कोई शिकायत नहीं दी गई है। अगर शिकायत मिलती है तो मामले में जांच शुरु की जाएगी।

Related Articles

Back to top button