Breaking Newsउत्तरप्रदेश

डीएम ने शीर्ष प्राथमिकता वाली परियोजनाओं को गति प्रदान करने के लिए की बैठक

डिफेंस काॅरिडोर, राज्य विश्वविद्यालय समेत अन्य परियोजनाओं की समीक्षा कर कार्यों की जानी प्रगति

खबर वाणी संवाददाता

अलीगढ़। जिला मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में कलैक्ट्रेट सभागार में शासन की शीर्ष प्राथमिकता वाली परियोजनाओं को गति प्रदान करने के सम्बन्ध में बैठक का आयोजन किया गया। डीएम ने कहा कि जनहित को ध्यान में रखते हुए परियोजनाओं को लम्बित न रखा जाए। परियोजना को लम्बित रखने पर विकास की प्रक्रिया अवरूद्ध होती है, वहीं सरकार की छवि पर भी विपरीत प्रभाव पड़ता है। मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा कासिमपुर में आयोजित जनसभा में आगामी सत्र संचालन की घोषणा कर दी गयी है, ऐसे में कार्यों को लम्बित न रखकर जनहित की इन बड़ी परियोजनाओं को निर्धारित समयावधि में पूर्ण किया जाए। डीएम सेल्वा कुमारी जे. ने शुक्रवार को डिफेंस काॅरिडोर, राजा महेन्द्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय समेत अन्य परियोजनाओं की समीक्षा कर कार्यों की प्रगति जानी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित की परियोजनाओं में लेटलतीफी सरकार की छवि पर विपरीत प्रभाव डालती है। परियोजनाओं से जुड़े अधिकारी व्यक्तिगत रूचि लेकर बिना टालमटोल किये कार्यों को गति प्रदान करें। डिफेंस काॅरिडोर में धनराशि स्थानान्तरित होने के बावजूद विद्युत लाइन शिफ्टिंग के कार्य को गति नहीं मिलने पर डीएम द्वारा कड़ी नाराजगी प्रकट की गयी। गौशाला के लिए भूमि का चयन भी करने के स्पष्ट निर्देश दिये गये। राजा महेन्द्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय के प्रवेश द्वार सम्पर्क मार्ग के लिए एस्टीमेट तैयार किये जाने की जानकारी लोक निर्माण विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गयी।

विश्वविद्यालय में विद्युत लाइन शिफ्टंग प्रकरण पर निर्णय नहीं होने पर डीएम ने अधिशासी अभियंता लोनिवि विश्व बैंक शाखा अनिल कुमार के प्रति कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि एक माह से अधिक का समय व्यतीत हो गया है, मामले का जल्द से जल्द हल निकालें। बैठक धनीपुर एयरपोर्ट, सेतु निगम की विभिन्न परियोजनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंकित खण्डेलवाल, सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप कुमार वर्मा, एसडीएम खैर कुवंर बहादुर सिंह समेत सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Tags

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button